CRPF में बिहार पुलिस की 652 महिला पुलिसकर्मियों का दीक्षांत परेड समारोह!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मोकामाघाट: ग्रुप केंद्र, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), मोकामाघाट में बिहार पुलिस की 652 महिला पुलिसकर्मियों के सफल प्रशिक्षण उपरांत सोमवार को भव्य दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। इन महिला प्रशिक्षुओं को 28 जुलाई 2025 से विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद आयोजित इस समारोह में अनुशासन, आत्मविश्वास और कर्तव्यनिष्ठा की शानदार झलक देखने को मिली।
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार पुलिस के महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) निरमल कुमार आजाद ने परेड की सलामी ली तथा प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अनुशासन, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।


इस अवसर पर राज कुमार (पुलिस महानिरीक्षक, सीआरपीएफ बिहार सेक्टर), अनुसूया राणीसिंह साह (महानिरीक्षक प्रशिक्षण), रविन्द्र भगत (पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र मोकामाघाट), रमन कुमार चौधरी (पुलिस उप महानिरीक्षक प्रशिक्षण), पंकज कुमार (पुलिस उप महानिरीक्षक, बिहार सेक्टर), रोकेश कुमार (पुलिस उप महानिरीक्षक, ग्रुप केंद्र मुजफ्फरपुर), निखिल रस्तोगी (पुलिस उप महानिरीक्षक, आरटीसी राजगीर), अच्युतानंद (पुलिस उप महानिरीक्षक, पटना रेंज), सुरेन्द्र प्रसाद यादव (पुलिस उप महानिरीक्षक, चिकित्सा), कमांडेंट राम बिलास गुप्ता, पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंदन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बाढ़) रामकृष्ण सहित मोकामा एवं आसपास के थानों के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों के परिजन, अधिकारीगण, जवान तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। परेड के दौरान कई परिजन अपनी बेटियों को वर्दी में देखकर भावुक हो उठे और गर्व के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दीक्षांत परेड के सफल आयोजन के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। अब ये प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी बिहार पुलिस की विभिन्न इकाइयों में अपनी सेवाएं देकर कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगी।

बाइट- निर्मल कुमार आजाद, IG

Join us on: