एनटीए को रद्द करो-आइसा, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व बिहार के शिक्षा मंत्री  इस्तीफा दो – RYA.

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

आरा/ टीआर 4 शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज और NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्र संगठनों आइसा (AISA) और RYA ने रविवार कोरबिहार के विभिन्न हिस्सों में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आरा में निकाला गया विरोध मार्च त्रिभुआनी मोड़ से शुरू होकर जोरदार नारेबाजी के बीच आरा रेलवे स्टेशन परिसर में सभा में बदल गया।
सभा का संचालन आइसा जिला सचिव जयशंकर प्रसाद ने किया। उन्होंने कहा कि NTA गठन के बाद से एक भी परीक्षा पारदर्शिता से नहीं हुई है। लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की।
वहीं RYA जिला अध्यक्ष विशाल कुमार ने कहा कि नीतीश-भाजपा सरकार छात्रों-नौजवानों की आवाज दबाने में जुटी है। शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकार की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठियां बरसायी जा रही हैं, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने बिहार शिक्षा मंत्री पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “राज्य के शिक्षा मंत्री युवाओं के मुद्दों से भाग रहे हैं, ऐसे मंत्री को पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।”
आइसा जिला अध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि बिहार में स्थाई बहाली की मांग कर रहे युवाओं को रोजगार देने की बजाय पुलिसिया दमन झेलना पड़ रहा है, जो लोकतंत्र की हत्या है। NEET पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि पूरे देश के छात्रों के सपनों से खिलवाड़ है।”
आइसा जिला सहसचिव रौशन कुशवाहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेपर लीक पर रोक नहीं लगी और लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी अधिकारियों को तत्काल सस्पेंड किया जाए।
NEET पेपर लीक की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच हो।
बिहार में लंबित सभी बहालियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए।
सभा को जैन कॉलेज अध्यक्ष नीतू कुमारी, जिला उपाध्यक्ष विवेक कुमार, मुस्कान कुमारी, वर्षा कुमारी, सन्नी देवल, विद्या निवास सहित कई छात्र नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बिहार की “डबल इंजन सरकार” शिक्षा और रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है और छात्र-युवा अब इसके खिलाफ संगठित हो चुके हैं।
आज के विरोध प्रदर्शन में पूर्व आइसा जिला अध्यक्ष सुशील यादव, राजेश कुमार, सागर पासवान, साहिल अरोरा, शियाकांत बैठा, अनूप, राजन, सुमित, अनिता, हंशिका, श्रेया, रोहन, विशाल, राहुल, सत्य प्रकाश, सुमंत, रोहित सहित दर्जनों छात्र-नौजवानों ने भाग लिया।

Join us on:

और पढ़ें