रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तीसियाही गांव के निकट बौरहर बेनीपट्टी मुख्य सड़क पर शनिवार की सुबह ईंट लदी ट्रैक्टर ने एक बाइक सवार युवक को ठोकर मार दिया। जिससे मौके पर ही बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान खिरहर थाना के जिरौल गांव के मोहम्मद नुरुल के 21 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मुस्तफा के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक बेनीपट्टी से अपनी बाइक में गैस भरवाकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तीसियाही चहुटा मोड़ के पास सामने से आ रहे ईंट लदे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दिया। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि मुस्तफा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में आस-पास के लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर खून से लथपथ युवक को देखकर लोग बेहद आक्रोशित हो गये। इसके बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। स्थानीय लोगों का कहना था कि तीसियाही चहुटा मोड़ के पास अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती है। इसके बावजूद उक्त जगह के आस-पास अब तक न तो सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं और ना ही स्पीड ब्रेकर आदि का ही निर्माण कराया जा सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सीसीटीवी कैमरा और सड़क के आस-पास ब्रेकर लगवाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। घटना शनिवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। उधर सूचना मिलते ही पुलिस निरिक्षक सह बेनीपट्टी एसएचओ शिव शरण साह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई। साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। उधर आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने में काफी देर तक पुलिस प्रशासन जुटी रही। लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नही हो रहे थे। आक्रोशित लोग स्थानीय विधायक और डीएसपी को स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर उचित कार्रवाई का आश्वासन देने की मांग कर रहे थे। इसके बाद बीडीओ महेश्वर पंडित व सीओ अभिषेक आनंद भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा काफी प्रयास के बादसरक जाम कर रहे आक्रोशितों को समझा बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर करीब 3 घंटे के बाद जाम खुलवाया जा सका। जिसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सका। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई रही। राहगीर हलकान और परेशान नजर आ रहे थे। वहीं घटना की खबर मृतक के गांव में जैसे ही पहूँचा चारो तरफ मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सोंप दिया है।




