रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय
भोजपुर महिला कला केंद्र ने शुरू किया आर्टिफिशियल ज्वैलरी-सूजनी प्रशिक्षण, 15 मई से 14 जुलाई तक चलेगा कार्यक्रम
आरा। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से भोजपुर महिला कला केंद्र द्वारा आर्टिफिशियल ज्वैलरी और सूजनी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 15 मई से 14 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस दो महीने के प्रशिक्षण की शुरुआत महामहिम राष्ट्रपति द्वारा नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित अनीता गुप्ता, शहनाज़, परियोजना प्रबंधक शशांक डिक्रूज़, उत्प्रेरक धर्मु और संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर की।
ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा घर बैठे रोजगार का मौका
उद्घाटन अवसर पर अनीता गुप्ता ने कहा कि आर्टिफिशियल और सूजनी ज्वैलरी का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को घर बैठे रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस कला को सीखकर अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर सकती हैं और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना सकती हैं।
रंगों के सही चयन पर दिया गया जोर
इस अवसर पर शहनाज़ ने आर्टिफिशियल सूजनी प्रशिक्षण में कलर कॉम्बिनेशन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी ज्वैलरी की सुंदरता केवल उसके डिज़ाइन पर निर्भर नहीं करती, बल्कि रंगों के सही चयन और संतुलन पर भी आधारित होती है।



