बांका -साली की शादी में जीजा ने लगाई खुद को आग, मची अफरातफरी!

SHARE:

रिपोर्ट – चंद्रशेखर कुमार!

नशे की हालत में उठाया खौफनाक कदम, गंभीर रूप से झुलसा युवक मायागंज रेफर

अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव में शुक्रवार को उस समय खुशी का माहौल मातम में बदल गया, जब साली की शादी में शामिल होने आए जीजा ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और परिजनों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, जख्मी युवक की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी साली की शादी समारोह में शामिल होने बभनगामा गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी की रस्में चल रही थीं और परिवार के लोग कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान युवक घर से कुछ दूरी पर स्थित मूंग के खेत में चला गया और अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली।
कुछ देर बाद युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे तत्काल इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया।
ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बताया कि युवक करीब गंभीर रूप से झुलस गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि युवक नशे का सेवन करता था। हालांकि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में भी था, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद पूरे शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। जहां एक ओर घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्मदाह के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Join us on: