मुंगेर से शंखनाद संवाददाता सुमित कुमार की रिपोर्ट!
मुंगेर : शराब से जुड़े मामले में केस के तथ्यों में गड़बड़ी करना मुफस्सिल थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों पर भारी पड़ गई। जांच में गंभीर लापरवाही और तथ्यों में फेरबदल के साक्ष्य मिलने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने आठ पुलिसकर्मी सहित एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार को भी निलंबित करने की अनुशंसा डीआइजी से की गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
एसपी ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब मामलों में केस दर्ज करते समय तथ्यों में गड़बड़ी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अंचल पुलिस निरीक्षक से जांच कराई गई। शुरुआती जांच में सब इस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा और दारोगा नुरैन अंसारी की भूमिका सामने आई। दोनों को 26 सितंबर को निलंबित कर दिया गया। मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुख्यालय को दी गई। टीम ने थाने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, अभिलेखों की जांच की और छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। जांच में केस के तथ्यों में गड़बड़ी के साक्ष्य मिले। इसमें कई पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आई। इस मामले में सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार शर्मा, नुरैन अंसारी, वीरेंद्र कुमार, सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और मुफस्सिल थाना के चौकीदार कृष्णदेव पासवान को निलंबित किया गया है।
एसपी ने बताया की पुलिस का काम विश्वाश पर चलता है इस तरह की कोई थाना प्रभारी गड़बड़ी करता है उससे जनता का विश्वाश धूमिल होता है और पुलिस पर विश्वाश खत्म हो जाता है,उन्होंने बताया की इस मामले में मुफसिल थाना क्षेत्र में दो केस दर्ज हुए थे जिसमे अगस्त और सितंबर माह में ,दोनों जो मामले दर्ज हुए थे उसमे पब्लिक और सूत्रों के माध्यम से जानकारी मिली थी की जो प्रथामिकी दर्ज की गयी उसमे थानाप्रभारी और कर्मियों द्वारा गड़बड़ी की गयी थी। इसी मामले में मुफिसल थाना के सर्किल इंस्पेक्टर से जाँच की गयी जंहा जाँच में पाया की प्रथामिकी दर्ज में गड़बड़ी की गयी इसी आलोक में मुफसिल थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकरी, पुलिस जवान ,कर्मी और चौकीदार पर कार्यवाही की गई है।



