बैटरी चालित ट्राई-साइकिलों की मरम्मत एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु विशेष शिविर का होगा आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छात्र योजना (सम्बल) के अंतर्गत पूर्व में वितरित बैटरी चालित ट्राई-साइकिलों की मरम्मत एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु जिले के विभिन्न बुनियाद केंद्रों पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों को उनकी ट्राई-साइकिल में उत्पन्न तकनीकी खराबी, बैटरी, चार्जर अथवा अन्य यांत्रिक समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग ने बताया कि प्रखंड एवं जिला स्तर पर लगातार ट्राई-साइकिलों में तकनीकी खराबी से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए एलिमको (ALIMCO), कानपुर के सहयोग से विशेष मरम्मत शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। शिविरों का आयोजन पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक किया जाएगा।

दिनांक 19 मई 2026 को बुनियाद केंद्र, चेरिया बरियारपुर में चेरिया बरियारपुर, छौड़ाही एवं खोदावंदपुर प्रखंड के लाभुकों के लिए शिविर आयोजित होगा। 20 मई 2026 को बुनियाद केंद्र, मटिहानी में बेगूसराय सदर, मटिहानी, बरौनी, वीरपुर एवं शाम्हो प्रखंड के दिव्यांगजन शामिल होंगे। 21 मई 2026 को बुनियाद केंद्र, तेघड़ा में तेघड़ा, बछवाड़ा, मंसुरचक एवं भगवानपुर प्रखंड के लाभुकों के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। 22 मई 2026 को बुनियाद केंद्र, साहेबपुर कमाल में साहेबपुर कमाल, बलिया एवं डंडारी प्रखंड के लाभुकों के लिए शिविर लगाया जाएगा। वहीं 23 मई 2026 को बुनियाद केंद्र, बखरी में बखरी, नावकोठी एवं गढ़पुरा प्रखंड के दिव्यांगजन लाभान्वित होंगे।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजन इस सुविधा का लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा खराब बैटरी, चार्जर बदलने सहित अन्य तकनीकी एवं यांत्रिक त्रुटियों का समाधान किया जाएगा।

Join us on: