बेगूसराय – डीएम श्रीकांत शास्त्री ने किया खोदाबंदपुर पंचायत का निरिक्षण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 15.05.2026 को जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा खोदावंदपुर प्रखंड अंतर्गत खोदावंदपुर पंचायत का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम कचहरी की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, पक्षकारों की उपस्थिति एवं विवाद निपटान की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि ग्राम कचहरी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच उत्पन्न जमीन एवं संपत्ति विवादों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से समाधान किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि ग्राम कचहरी ग्रामीण न्याय व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से छोटे-छोटे विवादों का निपटारा स्थानीय स्तर पर ही संभव हो पा रहा है। इससे आम लोगों को न्यायालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलती है तथा समय एवं धन दोनों की बचत होती है।

उन्होंने कहा कि आपसी सहमति से विवादों का समाधान होने से सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारा मजबूत होता है। ग्राम कचहरी की सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों की संख्या में कमी आने के साथ-साथ लोगों में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम कचहरी के सदस्यों से निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि खोदावंदपुर ग्राम पंचायत में अब तक आपसी सहमति से जमीन एवं संपत्ति बंटवारे के कुल 14 मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया जा चुका है। वहीं जिले भर में विभिन्न ग्राम कचहरियों एवं सरपंचों के माध्यम से कुल 376 मामलों का निपटारा कराया गया है।

मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम, अनुमंडल पदाधिकारी मंझौल, प्रखंड विकास पदाधिकारी खोदाबंदपुर सहित बंटवा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, पंच, ग्राम कचहरी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Join us on: