रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल
डीआरएम ने राघोपुर एवं ललित ग्राम रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया, स्टेशन परिसर में गंदगी को देख जताया असंतोष, स्टेशन मास्टर को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
सुपौल :- समस्तीपुर रेल मंडल के डीआर एम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा – फारबिसगंज रेल खंड के बीच राघोपुर एवं ललित ग्राम रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया, एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने राघोपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्टेशन संचालन और विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। डीआरएम के राघोपुर पहुंचते ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र,फूल-माला एवं बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डीआर एम ने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, यात्री के बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का बारिकी से जायजा लिया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्य के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राघोपुर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन शिलापट्ट के आसपास गंदगी को देखकर डीआर एम ने नाराजगी जताते हुए स्टेशन मास्टर को अविलंब साफ – सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन और रेल सेवा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर डीआर एम के समक्ष अपनी मांगों को प्रमुखता से रखा तथा मांग पत्र सौंपा। समाजसेवी उमेश गुप्ता और वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने राघोपुर स्टेशन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर बने रेलवे ओवरब्रिज के बाद ढाला बंद होने से आम लोगों को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ढाला बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। साथ ही नगर पंचायत सिमराही दो हिस्सों में विभाजित हो गया है और ओवरब्रिज पर पैदल आवाजाही की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए वहां लाइट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई।
स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, यात्री शेड के विस्तार, पर्याप्त बेंच की व्यवस्था तथा पेयजल सुविधा को और बेहतर बनाने की मांग भी उठाई।
रेल परिचालन को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें डीआर एम के समक्ष रखी गईं। समाजसेवी मयंक गुप्ता समेत अन्य लोगों ने फारबिसगंज अथवा ललितग्राम से सुपौल और सहरसा के लिए सुबह के समय पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग रखी, ताकि छात्र, दैनिक यात्री और नौकरीपेशा लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को ललितग्राम तक विस्तारित करने, रक्सौल-जोगबनी एक्सप्रेस को न्यू जलपाईगुड़ी तक विस्तार देने तथा दरभंगा–फारबिसगंज होकर कटिहार के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संत अमरजीत ने सरायगढ़–देवघर स्पेशल ट्रेन को राघोपुर अथवा ललितग्राम तक विस्तारित करने की मांग को क्षेत्र की जरूरत बताते हुए इसे प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वहीं सागर यादव ने स्टेशन पार्किंग परिसर के बाहर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला डीआर एम के समक्ष उठाया, जिस पर डीआर एम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए स्टेशनों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को जो मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए, वे सही तरीके से उपलब्ध हो रही हैं या नहीं, इसकी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा स्टेशन विकास, ट्रेन ठहराव और रेल परिचालन विस्तार से जुड़ी जो मांगें रखी गई हैं, उन सभी बिंदुओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो।
ललितग्राम स्टेशन के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने बताया कि वहां वाशिंग पिट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है और आने वाले समय में अन्य विकास कार्यों की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ललितग्राम स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है और भविष्य में इसे एक आधुनिक एवं सुंदर टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना है। निरीक्षण पूरा करने के पश्चात डीआर एम राघोपुर से ललितग्राम एवं अन्य स्टेशनों के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने सरायगढ़ रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया था।
ललितग्राम रेलवे स्टेशन का भी डी आर एम ने औचक निरीक्षण किया
ललित ग्राम रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वासिंगपिट ,स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगों एवं यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर हो रही असुविधाओं की जानकारी डीआर एम को दी। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा और आवश्यक सुधार की मांग की। डीआर एम ने यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दी। उन्होंने स्टेशन पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया। मोके पर डीआर एम ज्योति प्रकाश मिश्रा के अलावे रेल प्रशासन के कई अधिकारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।




