नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा: (बिहार) जिले के वारसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चेन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह की दो महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 2 लाख 88 हजार 500 रुपये नकद और चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद राशि चोरी के जेवर बेचकर जुटाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नीलम देवी की लिखित शिकायत के आधार पर की गई। उन्होंने वारसलीगंज थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया था कि वारसलीगंज बाजार में टोटो में बैठने के दौरान अज्ञात महिलाओं ने उनकी सोने की चेन चुरा ली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार भास्कर (पकरीबरवां) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मानवीय इनपुट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी की गई चेन बेचकर प्राप्त राशि बरामद की गई। साथ ही, क्षेत्र में हुई एक अन्य चोरी के जेवर की बिक्री से मिली रकम भी जब्त की गई है।
बरामद सामानों में 2,88,500 रुपये नकद, 3 सोने के लॉकेट, 1 सोने का मांग टीका, 1 सोने की नथुनी और 1 जोड़ी सोने की कनवाली शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान अंजली देवी (निवासी मोहसीमपुर, थाना चंडी, जिला नालंदा) और कविता देवी (निवासी ताजूबिगहा मिल्की पर, थाना नालंदा, जिला नालंदा) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और चंडी थाने में इनके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में वारसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।




