रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
श्रवण कुमार का बड़ा ऐलान, बिहार को टॉप-5 राज्यों में लाने का मिशन शुरू
बिहार में नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल विस्तार के बाद ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार की देर शाम अपने गृह जिला नालंदा पहुंचे, जहां नूरसराय में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। फूल-मालाओं और नारों के बीच मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार की आगामी योजनाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था और विपक्ष के आरोपों पर खुलकर अपनी बात रखी।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उन्हें जो भी विभाग की जिम्मेदारी मिलती है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पहले किए गए कार्यों को और बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और जहां कहीं भी कोई कमी रह गई होगी, उसे तेजी से दूर किया जाएगा।
मंत्रिमंडल में नए चेहरों के शामिल होने पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि नई टीम नई ऊर्जा और नए विजन के साथ काम करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस संकल्प को दोहराया, जिसमें बिहार को देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। श्रवण कुमार ने दावा किया कि पूरी सरकार विकास की इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों की स्थिति पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सभी मंत्रियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है और विभागीय समीक्षा शुरू कर दी गई है। जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा ताकि आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वहीं विपक्ष द्वारा जेडीयू के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाने पर श्रवण कुमार ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हमेशा जेडीयू के खत्म होने की बात करते हैं, लेकिन हर चुनाव में जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को कमतर आंका गया था, लेकिन जनता के समर्थन ने विरोधियों के सभी दावे गलत साबित कर दिए।
श्रवण कुमार ने दो टूक कहा कि जेडीयू को खत्म करने का सपना देखने वाले खुद राजनीति के हाशिए पर चले जाते हैं।
असम और पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने नई सरकार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। पश्चिम बंगाल में मिले जनादेश को उन्होंने जनता की स्पष्ट राय बताया और कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
बाइट:- श्रवण कुमार, ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री




