ब्यूरो रिपोर्ट शंखनाद :-
पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सब्जी बेचने जा रहे एक ग्रामीण पर तीर से जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में आरोपी ने एक के बाद एक करीब 20 तीर चलाए, जिनमें से 3 तीर पीड़ित के शरीर में जा धंसे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव की है। जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय चोया बिरूली अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने अचानक उस पर तीरों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने लगातार लगभग 20 तीर चलाए। अचानक हुए इस हमले से चोया बिरूली संभल नहीं पाया और 3 तीर उसके शरीर में जा लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
राहगीरों ने घायल अवस्था में उसे देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झींकपानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों की टीम घायल के शरीर में धंसे तीरों को निकालने में जुटी हुई है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।



