लखीसराय – खेत में सब्जी तोड़ने गए किसान की करंट लगने से मौत!

SHARE:

रिपोर्ट – शशिकांत मिश्रा!

पिपरिया/लखीसराय: पिपरिया प्रखंड अंतर्गत राहटपुर गांव में शुक्रवार की सुबह खेत में काम करने के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी रमेश सिंह के 28 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार आलोक कुमार सुबह खेत में सब्जी तोड़ने गया था। इसी दौरान खेत में पटवन के लिए लगाए गए बिजली के तार के संपर्क में वह आ गया। बताया जा रहा है कि तार का एक हिस्सा नंगा था, जिससे उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। तार छूते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया।घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले को लेकर सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि खेत में सिंचाई कार्य के लिए बिजली का तार लगाया गया था। तार में कहीं कटाव होने की वजह से उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से युवक की जान चली गई।इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Join us on: