नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा:
बिहार के नवादा जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उग्र भीड़ ने पुलिस पर जमकर ईंट-पत्थर चलाए, जिसमें 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
घटना काशीचक थाना क्षेत्र के वीरनामा गांव की मुसहरी टोला की है। गुरुवार की शाम पुलिस टीम अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम गांव में प्रवेश ही कर रही थी कि तभी ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया और घरों की छतों से पत्थरबाजी शुरू कर दी।
इस हमले में काशीचक थाना में तैनात एसआई दीप सिन्हा, कुणाल कुमार और बालेश्वर दास घायल हो गए। इसके अलावा दो सिपाही और एक चौकीदार भी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में टोटो मांझी, बिजली मांझी, प्रमोद मांझी, जितेंद्र मांझी, शीला देवी, सुमित्रा देवी, लाखो देवी, पारो देवी और कारी देवी शामिल हैं। सभी आरोपी वीरनामा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया है।
काशीचक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि इस मामले में 14 से 15 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए कई आरोपी पहले भी अवैध शराब निर्माण के मामलों में जेल जा चुके हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।




