रिपोर्ट – सुमित कुमार!
-मुंगेर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। हल्दी की रस्म के दौरान दूल्हे को सांप ने डंस लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
दरअसल असरगंज थाना क्षेत्र के बड़ी कोरियन गांव में उस वक्त खुशियां मातम में बदल गईं, जब शादी से पहले दूल्हे की सांप के डंसने से मौत हो गई।
मृतक की पहचान गणेश सिंह और अर्चना देवी के इकलौते पुत्र 24 वर्षीय नीरज के रूप में हुई है। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। बुधवार को घर में हल्दी और मेहंदी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान नीरज के मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन पर बात करते हुए जैसे ही वह घर से बाहर निकला, तभी किसी विषैले सांप ने उसे डंस लिया।
परिजनों ने नीरज को घायल अवस्था में तुरंत असरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर कामिनी कुमार ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर के मायागंज में इलाज के दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया। नीरज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, जहां विषहरि मंदिर में झाड़-फूंक और प्रार्थना का दौर जारी है। माता-पिता हाथ जोड़कर अपने बेटे के जीवित होने की मन्नत मांग रहे हैं। परिजनों के मुताबिक नीरज की शादी बांका जिले के बेलहर प्रखंड के नवाडीह गांव निवासी मुन्ना प्रसाद सिंह की पुत्री चंपा कुमारी में तय हुई थी गुरुवार को मंडप पूजन और शुक्रवार को बारात निकलनी थी। लेकिन शादी से पहले ही इस दर्दनाक हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां छीन लीं। वही सूचना पर मृतक के साला लालो कुमार बड़ी कोरियन गांव पहुंच कर मंदिर में मन्नत मांग रहे है। फिलहाल पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर आंख नम है। एक पल में शादी की खुशियां गम में बदल गईं।मृतक युवक वीडियो ग्राफी का कार्य करता था उससे परिवार का भरण पोषण करता था ।वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद असरगंज थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची है ओर परिजनों से पूछ ताछ कर रही है।




