बेगूसराय- बाल विकास परियोजना (ICDS) एवं पोषण अभियान के कार्यों की डीएम ने की समीक्षा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में बाल विकास परियोजना (ICDS) एवं पोषण अभियान के कार्यों की विस्तृत समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी 18 परियोजनाओं के अंतर्गत संचालित योजनाओं, बुनियादी ढांचे तथा स्वास्थ्य संबंधी प्रमुख संकेतकों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि कुल 3360 स्वीकृत आँगनवाड़ी केंद्रों में से 3342 केंद्र वर्तमान में क्रियाशील हैं। माह अप्रैल 2026 तक 3212 केंद्रों में शौचालय तथा 3191 केंद्रों में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।

मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा करते हुए पाया गया कि वर्तमान में 79 महिला पर्यवेक्षिकाएँ कार्यरत हैं, जबकि 42 पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त 3185 सेविकाएँ एवं 2914 सहायिकाएँ कार्यरत हैं, वहीं सेविकाओं के 175 तथा सहायिकाओं के 446 पद रिक्त हैं। इन रिक्तियों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में जिले ने सकारात्मक प्रगति दर्ज की है। गंभीर कुपोषण (SAM) का प्रतिशत मार्च 2026 के 2.53% से घटकर अप्रैल 2026 में 2.18% हो गया है, वहीं मध्यम कुपोषण (MAM) भी 3.99% से घटकर 3.84% पर आ गया है। गृह भ्रमण (होम विजिट) के मामले में जिले ने 97.74% की उपलब्धि हासिल की है।

डिजिटल मॉनिटरिंग के तहत पोषण ट्रैकर डैशबोर्ड के आधार पर प्रखंड समन्वयकों की रैंकिंग जारी की गई, जिसमें मंसूरचक परियोजना 94.96% औसत अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रही। गढ़पुरा (92.87%) द्वितीय तथा डंडारी (91.51%) तृतीय स्थान पर रहे। ABHA ID एवं APAAR ID निर्माण में भी मंसूरचक परियोजना अग्रणी रही।

‘पोषण पखवाड़ा 2026’ के अंतर्गत जिले ने 95.78% गतिविधियों के साथ राज्य स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त किया। विभिन्न परियोजनाओं में ‘गोदभराई’ सहित अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्थानीय पोषण युक्त आहार के महत्व को व्यापक रूप से प्रचारित किया गया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा कम प्रगति वाले परियोजनाओं को अपने प्रदर्शन में सुधार लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित भुगतान एवं सत्यापन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में डीपीओ आईसीडीएस श्रीमती रश्मि कुमारी सहित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: