बेगूसराय- लाखो थाना परिसर में विभिन्न तिथियों में जब्त की गई अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार मद्यनिषेध अभियान के अंतर्गत आज लाखो थाना परिसर में विभिन्न तिथियों में जब्त की गई अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में गठित टीम की निगरानी में संपन्न हुई।

विनष्टीकरण की प्रक्रिया के दौरान पुलिस उपाधीक्षक , बेगूसराय सदर श्री निखिल कुमार, अंचल अधिकारी, बेगूसराय सदर श्री राहुल कुमार, निरीक्षक मद्य निषेध श्री राम विनय सिंह सहित संबंधित थाना के थाना प्रभारी उपस्थित थे। जिनकी देखरेख में विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त देशी एवं विदेशी शराब की बोतलों को बुलडोजर के माध्यम से नष्ट किया गया।

आज की कार्रवाई में विभिन्न थाना क्षेत्रों से जब्त कुल 12,607.015 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण किया गया, जिसमें लाखो थाना से 11,280.96 लीटर, चेरियाबरियारपुर थाना से 66.00 लीटर, सिंघौल थाना से 630.00 लीटर, बखरी थाना से 185.875 लीटर, मुफस्सिल थाना से 17.180 लीटर, बरौनी थाना से 22.00 लीटर, नगर थाना से 30.00 लीटर तथा साहेबपुर कमाल थाना से 375.00 लीटर शराब को नष्ट किया गया।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक बेगूसराय सदर ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर छापेमारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु विनष्टीकरण की वीडियोग्राफी कराई गई तथा अवशेषों के सुरक्षित निष्पादन की व्यवस्था भी की गई।

Join us on: