रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर से लगनेवाली भारत नेपाल सीमा क्षेत्र का बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिदेशक, बिहार विनय कुमार (आई पी एस), अपर मुख्य सचिव (गृह) अरविंद कुमार चौधरी, विशेष शाखा एवं एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारी कुंदन कृष्णन, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर पहुंचने पर आगत अतिथियों का स्वागत वाहिनी के कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट द्वारा माननीय अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
वाहिनी के ऑफिसर्स क्लब में आयोजित बैठक के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जाली भारतीय मुद्रा, साइबर फ्रॉड, अवैध दूरसंचार गतिविधियों, म्यूल खातों के दुरुपयोग, फर्जी कंपनियों के संचालन तथा मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में त्वरित जांच एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मधुबनी आनंद शर्मा ने बताया कि विगत दिनों चलाए गए विशेष अभियान के दौरान लगभग 1000 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये है। इस पर मुख्य सचिव ने सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों से सीमा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सीमा पर गश्त एवं निगरानी को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत मधुबनी जिले के 286 सीमावर्ती गांवों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक उपरांत माननीय मुख्य सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जयनगर स्थित नेपाली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा प्रणाली, कंट्रोल रूम एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही रेलवे क्रॉसिंग ब्रिज एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मधुबनी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय मुजफ्फरपुर सरोज कुमार ठाकुर (आई पी एस), कमांडेंट 48 वीं वाहिनी एस एस बी जयनगर गोविंद सिंह भंडारी, कमान अधिकारी 18 वीं वाहिनी एस एस बी राजनगर खोजा राम लामोर, अपर समाहर्ता, रेलवे प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह दौरा सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न एजेंसियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।




