जहानाबाद – पंकज कुमार!
शांति की तलाश में जहानाबाद के पर्यटक स्थल बराबर पहुंचे रूसी पर्यटक, कहा सरकार की एक नजर पड़े तो बिहार का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है।
जहानाबाद मेभौतिक सुख-सुविधाओं के बावजूद मानसिक शांति की तलाश इंसान को दूर-दूर तक ले जाती है। इसी कड़ी में रूस से आए पर्यटकों का एक दल ऐतिहासिक बराबर पहाड़ी क्षेत्र पहुंचा, जहां उन्होंने प्राकृतिक वातावरण के बीच ध्यान और साधना कर आत्मिक शांति का अनुभव किया।
जानकारी के अनुसार, 14 सदस्यीय रूसी पर्यटकों का यह दल बोधगया के एक होटल में ठहरा हुआ है। वहां से वे प्रतिदिन सुबह मखदुमपुर प्रखंड स्थित बराबर पहाड़ी पहुंचते हैं। यहां स्थित प्राचीन सतघरवा गुफा में पर्यटक प्रतिदिन करीब चार से पांच घंटे तक ध्यान (मेडिटेशन) करते रहे।
ध्यान साधना के बाद पर्यटकों ने पहाड़ी की चोटी पर स्थित सिद्धनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी की। धार्मिक और प्राकृतिक माहौल से प्रभावित होकर पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि बराबर की गुफाएं और यहां का शांत वातावरण ध्यान के लिए अत्यंत उपयुक्त है।
गौरतलब है कि ठंडे देश से आने के बावजूद इन पर्यटकों ने ऊंची पहाड़ी पर चढ़कर साधना और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया, जो उनके उत्साह और आस्था को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने भी पर्यटकों का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार इस क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दे, तो बराबर पहाड़ी बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में पहला स्थान हासिल कर सकता है। यहां बेहतर आधारभूत सुविधाएं, सड़क, सुरक्षा और प्रचार-प्रसार की व्यवस्था होने पर देश-विदेश से और अधिक पर्यटक आकर्षित हो सकते हैं।
बराबर पहाड़ी का यह क्षेत्र अपने प्राचीन गुफाओं, ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और साधक शांति की तलाश में पहुंचते हैं।



