अरवल- रंगदारी नहीं देने पर होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में लोग!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार

अरवल
जिले के टाउन थाना क्षेत्र में देर शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक होटल के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर हसनपुर बंगला के समीप स्थित घनश्याम होटल के पास की है। हालांकि इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो अपराधी बाइक पर सवार होकर होटल के पास पहुंचे और कुछ ही सेकंड में कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। होटल के कर्मचारी भी बाल-बाल बच गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधियों का बेखौफ अंदाज साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज में दिख रहा है कि अपराधी करीब आधे मिनट तक फायरिंग करते हैं और फिर आसानी से फरार हो जाते हैं।
होटल संचालक सोनू कुमार ने आरोप लगाया कि उनसे पहले भी रंगदारी की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जानकारी देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने छह खाली खोखे बरामद किए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधी औरंगाबाद की ओर से आए थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Join us on: