बेगूसराय- डीएम एसपी ने विभिन्न विभागों व विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 30.03.2026 को जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई ।

बैठक में भू-समाधान, खनन, उत्पाद (एक्साइज), परिवहन, ट्रैफिक प्रबंधन, नीलाम पत्र (सर्टिफिकेट केस) तथा कब्रिस्तान घेराबंदी से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने इन सभी मामलों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों के निष्पादन पर विशेष बल दिया।

जिला पदाधिकारी ने जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की तथा विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने भूमि विवाद निवारण हेतु आयोजित होने वाले जनता दरबार की प्रगति की जानकारी ली और अतिक्रमण से संबंधित मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त अनुमंडल पदाधिकारी न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा समयबद्ध तरीके से वादों के निष्पादन पर बल दिया।

बैठक में अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जमीनी स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक बेगूसराय श्री मनीष, डीएसपी (मुख्यालय), सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, अभियोजन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join us on:

और पढ़ें