बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांग खेल प्रतियोगिता का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना, खेल विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आज गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में जिला स्तरीय दिव्यांग खेल प्रतियोगिता 2025–26 का आयोजन पूर्वाह्न 12:00 बजे किया गया। प्रतियोगिता में अस्थि दिव्यांग, दृष्टिबाधित, बौद्धिक दिव्यांग, सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म एवं बहु दिव्यांग श्रेणी के सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के 50 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयनित खिलाड़ी आगामी 11 फरवरी को मुंगेर प्रमंडल में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कला एवं संस्कृति विभाग के पदाधिकारी श्री श्याम कुमार साहनी एवं उपस्थित दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्री साहनी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को प्रोत्साहित करना, उन्हें खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
जिला सचिव, दिव्यांगजन, श्री जोशी कुमार ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चुनौतियों के बावजूद दिव्यांग खिलाड़ी अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और परिश्रम से राज्य एवं देश का नाम रोशन कर रहे हैं। समाज के समावेशी विकास के लिए ऐसे खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग देना आवश्यक है।
विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। प्रमुख परिणाम इस प्रकार हैं—
100 मीटर दौड़ (मूकबधिर, बालक): ऋषभ देव – प्रथम, चंदन कुमार – द्वितीय, अनुरंजन – तृतीय।
100 मीटर दौड़ (दृष्टिबाधित): मो. इकबाल – प्रथम, गुलशन कुमार – द्वितीय।
शॉट पुट (बालिका): अनीता कुमारी – प्रथम, महजबी खातून – द्वितीय।
शॉट पुट: संजीत एवं प्रशांत कुमार – प्रथम, बिपिन कुमार – द्वितीय।
जैवलिन थ्रो: मो. मुजाहिर – प्रथम, गोरेलाल कुमार – द्वितीय।
डिस्कस थ्रो: संजीत कुमार एवं मो. मुजाहिर – प्रथम, संजीत – द्वितीय।
डिस्कस थ्रो (बालिका): स्नेहा कुमारी – प्रथम, मनीषा कुमारी – द्वितीय।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रशिक्षक दीपक कुमार दीप, मणिकांत, आदित्य अम्बर, रामपुनित, रौशन कुमार रॉय सहित अजय, धीरज, आफताब आलम, दीपक, विकास विनोद शर्मा एवं अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join us on: