बेगूसराय- आगामी शब-ए-बारात पर्व को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आगामी शब-ए-बारात पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, बेगूसराय द्वारा जारी संयुक्त आदेश में दिनांक 3 एवं 4 फरवरी 2026 को मनाए जाने वाले इस पर्व के अवसर पर संपूर्ण जिले में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।

संयुक्त आदेश के अनुसार, जिले के उन सभी स्थानों को चिन्हित कर विशेष निगरानी में रखा गया है , जहाँ पूर्व में कब्रिस्तान की भूमि, घेराबंदी अथवा अन्य कारणों से विवाद की स्थिति उत्पन्न होती रही है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा ऐसे स्थलों पर, जहाँ विभिन्न समुदायों के धार्मिक स्थल समीप स्थित हैं, अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पर्व के दौरान कब्रगाहों एवं रिहायशी इलाकों के आसपास पटाखे छोड़ने अथवा किसी भी प्रकार की आतिशबाजी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगजनी या किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।

इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर प्रभावी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों के प्रसार पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से नगर थाना, रतनपुर, लोहियानगर, मुफस्सिल सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के महत्वपूर्ण चौराहों, मस्जिदों एवं कब्रिस्तानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की सशस्त्र बलों के साथ प्रतिनियुक्ति की गई है।

साथ ही, संभावित विवादित स्थलों पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि वे शब-ए-बारात पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा जिला नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Join us on: