रिपोर्ट– राजीव कुमार झा!
टीचर का काला कारनामा, नाबालिग पीड़िता के परिजनों ने कर दिया धुनाई
5 वीं की छात्रा से छेड़खानी, एसपी ने गिरफ्तारी के दिए आदेश
पॉक्सो के तहत केस, मधुबनी में शिक्षक फरार, वीडियो ने मचाई सनसनी, गुस्साए पिता ने शिक्षक को चप्पलों से पीटा
ऐंकर– मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और गंभीर मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बेला कोठी में तैनात शिक्षक असगर पर पांचवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी करने का संगीन आरोप लगा है। इस घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक को चप्पलों और जूतों से पीट दिया है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे मामला और सुर्खियों में आ गया। बताया जाता है कि आरोपी शिक्षक लंबे समय से अपनी अश्लील हरकतों से छात्राओं को परेशान कर रहा था। नाबालिग पीड़िता सहित कई छात्राओं ने शिक्षक के विकृत हरकतों को सहन किया, लेकिन आखिरकार उन्होंने अपने अभिभावकों को पूरी घटना बता दी। यह बात जैसे ही परिजनों तक पहुंची, वे आग बबूला हो उठे। बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया। जमकर कोसा और चप्पलों-जूतों से पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब व्हाट्सएप ग्रुपों से फेसबुक और इंस्टाग्राम तक फैल चुका है। वीडियो में आरोपी शिक्षक की बेइज्जती साफ नजर आ रही है। पीड़िता के परिजनों ने तुरंत खजौली थाने में उक्त शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में छेड़खानी, नाबालिग के साथ गलत व्यवहार और बार-बार अश्लील इशारे करने का जिक्र किया गया है। मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने फौरन संज्ञान लिया। इस बाबत मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया है कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (बच्चों के यौन अपराध संरक्षण अधिनियम) की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एसपी ने कहा, “आरोपी शिक्षक की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी का आदेश दे दिया गया है। मामले की गहन जांच चल रही है।” पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो के वायरल होने से जांच में सहायता मिली है। एसपी ने शिक्षा विभाग को पूरे मामले की जानकारी दे दी है और बेला कोठी स्कूल के संबंधित शिक्षा अधिकारी को आरोपी पर विभागीय कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है। शिक्षा विभाग से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन स्थानीय बीईओ ने कहा कि आरोपी का विभागीयस्तर से सस्पेंड करने पर विचार किया जा रहा है। बताते चलें कि शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले विद्यालय में ऐसी घिनौनी घटना से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। खजौली और आसपास के गांवों के लोगों ने सभा बुलाई और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और शिक्षकों की सघन जांच को लेकर मांग किया है। स्थानीय नेता भी इस मुद्दे पर सक्रिय हो गए हैं। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए चेतावनी है कि बच्चों के भविष्य की रक्षा में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभिभावक सतर्क रहें और संदिग्ध व्यवहार पर तुरंत शिकायत करें।




