मुजफ्फरपुर- ठगों ने पुलिस बनकर जेवर कारीगर से 15 लाख रुपए से अधिक के गहने उड़ाए!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष कुमार!

काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार में फर्जी पुलिस बनकर ठगों ने जेवर कारीगर से 15 लाख रुपए के जेवर की ठगी कर ली। पीड़ित मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग निवासी परमानंद प्रसाद गुप्ता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है। इसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी को खंगाला, जिसमें ठगों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। पीड़ित ने बताया कि वे अपने एक परिचित के साथ स्कूटी से अघोरिया बाजार तिलकुट खरीदने आए थे। खरीदारी के बाद उनके परिचित गांव चले गए, जबकि वे अकेले स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ओरिएंट क्लब की ओर मुड़े, तभी दो लोगों ने आवाज लगाकर उन्हें रोका। दोनों ने खाकी रंग का जैकेट पहन रखा था और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उनकी उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच थी। ठगों ने परमानंद से कहा कि इस इलाके में अशोक कुमार चौधरी नामक व्यक्ति के घर बड़ी चोरी हुई है, जिसमें सोना, चांदी और नकदी लूटी गई है। इसी बहाने उन्होंने कहा कि जांच के लिए उन्हें अपनी अंगुठी और अन्य गहने उतारने होंगे और पास में खड़े साहब से मिलना पड़ेगा। वहां पहुंचने पर एक और 55 वर्षीय व्यक्ति मिला, जिसने भी यही प्रक्रिया अपनाते हुए अपने गहने उतारने का नाटक किया। इससे परमानंद को पूरी तरह यकीन हो गया।इसके बाद परमानंद ने अपनी चार सोने की अंगूठी, एक सोने की चेन और महंगे नीलम व पन्ना पत्थर उतार दिए। ठगों ने इन आभूषणों को कागज में लपेटकर स्कूटी की डिक्की में रखने को कहा। ठगों ने खुद डिक्की खोलकर कागज रखा और तुरंत वहां से चले गए। घर पहुंचकर जब परमानंद ने डिक्की खोली तो उनके होश उड़ गए। कागज में सोने के गहनों की जगह दो लोहे के नट और चार पत्थर के टुकड़े निकले। ठगी का एहसास होते ही उन्होंने परिजनों को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Join us on: