रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी में अपराध पर हुई समीक्षा बैठक, एसपी ने दिया जवाबदेही का सख्त संदेश
लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और यातायात सुधार पर फोकस
शांति और भयमुक्त वातावरण हेतु पुलिस को मिला सख्त संदेश— रात्रि गश्त सघन करने और नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश
अपराध पर दिखे कड़ी कार्रवाई, आमजन को मिले सुरक्षा का भरोसा— एस पी योगेन्द्र कुमार
एसपी के अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक मे मिले कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश
ऐंकर– जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आज मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और रात्रि गश्त को लेकर विस्तृत समीक्षा की है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निपटारे के लिए सभी थानाध्यक्ष प्राथमिकता तय करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फरार और वांछित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आमजन को सुरक्षा का विश्वास मिल सके। बैठक में विशेष रूप से नशा मुक्ति अभियान को लेकर भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने कहा कि नशा न केवल अपराध की जड़ है, बल्कि समाजिक और पारिवारिक विघटन का भी प्रमुख कारण है। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में नशे के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने और शराब एवं नशीली दवाओं की अवैध आपूर्ति पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए। जिले के कप्तान ने यातायात व्यवस्था सुधार पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति को समाप्त करने के लिए समय- समय पर अभियान चलाया जाए। स्कूल समय और बाजार क्षेत्रों में विशेष निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि किसी तरह की सड़क दुर्घटना या अव्यवस्था की संभावना न रहे। बैठक के दौरान उन्होंने जनता से जुड़ी शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता को सुरक्षा का भरोसा देना भी उतना ही जरूरी है। इसलिए हर थाना यह सुनिश्चित करे कि शिकायतकर्ता को समय पर न्याय और सही जानकारी मिले। पुलिस कप्तान ने यह भी कहा कि रात्रि गश्त को और अधिक सघन बनाया जाए। गश्ती दलों को निर्देशित किया गया कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई से ही जिला में शांति और भयमुक्त वातावरण कायम रहेगा। बैठक के अंत में एसपी ने सभी अधिकारियों को अनुशासन, तत्परता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की दृढ़ और सकारात्मक कार्यशैली ही जनता के विश्वास को और मजबूत बना सकती है।




