:- रवि शंकर अमित!
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग अंतर्गत गवर्नमेंट आईटीआई परिसर, बेगूसराय में दिनांक 07 जनवरी 2026 को एक दिवसीय नियोजन कैंप का आयोजन जिला नियोजन पदाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। इस नियोजन कैंप में निजी कंपनी VISPL द्वारा SUZUKI MOTOR के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कंपनी के प्रतिनिधि श्री गुलशन कुमार द्वारा कैंप में उपस्थित अभ्यर्थियों को कंपनी में उपलब्ध कार्य, वेतन एवं भत्ते, कार्यस्थल तथा अन्य सेवा शर्तों की विस्तृत जानकारी दी गई। कंपनी द्वारा कुल 250 रिक्तियों के विरुद्ध आयोजित इस कैंप में 183 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से साक्षात्कार के उपरांत 142 अभ्यर्थियों का स्थल पर ही चयन किया गया।
इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी श्री राणा अमितेष ने उपस्थित बेरोजगार युवकों को कैरियर एवं रोजगार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि जिला नियोजन कार्यालय द्वारा रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह जॉब कैंप का आयोजन किया जाता है, जिसमें बिहार सहित अन्य राज्यों के निजी क्षेत्र के नियोजकों को आमंत्रित किया जाता है। इन जॉब कैंपों की सूचना समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित की जाती है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के वे अभ्यर्थी जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, वे नियोजनालय में संचालित पुस्तकालय की निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
नेशनल करियर सर्विस द्वारा निःशुल्क प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं उनके उपयोग के संबंध में कनीय सांख्यिकी सहायक श्री राहुल कुमार एवं यंग प्रोफेशनल श्री पंकज कुमार द्वारा अभ्यर्थियों को विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आईटीआई के प्राचार्य श्री सतीश चंद्र वियोगी, उप प्राचार्य श्री कार्तिकेय कुमार, प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर श्री सुजीत कुमार, जिला कौशल प्रबंधक श्री सामंत कुमार सहित श्री रंजय सिंह देव, श्री सतीश पटेल एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




