:- रवि शंकर अमित!
कला एवं संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन बेगूसराय तथा बिहार कला मंच, पटना के संयुक्त तत्वावधान में बेगूसराय में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी दिनांक 29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को कंकौल स्थित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में आयोजित होगी।
प्रदर्शनी में बिहार के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ-साथ बेगूसराय के स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट कलाकृतियाँ प्रदर्शित की जाएँगी, जिससे कला प्रेमियों को विविध शैलियों और अभिव्यक्तियों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। आयोजन के दौरान स्कूली बच्चों के लिए विशेष चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता दो समूहों—कक्षा छठी से आठवीं तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं—में आयोजित होगी। इसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना और कला के प्रति रुचि विकसित करना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, बेगूसराय से संपर्क कर सकते हैं।
इस गरिमामय आयोजन में देश के ख्यातिप्राप्त कलाकार पद्मश्री श्री श्याम शर्मा तथा सुप्रसिद्ध कलाकार श्री रजत घोष सहित अनेक प्रतिष्ठित चित्रकारों की उपस्थिति एवं सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जो आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी।
इसके लिए आज कला एवं संस्कृति कार्यालय, बेगूसराय में विभागीय पदाधिकारी श्री श्याम कुमार सहनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में इन्द्र मोहन प्रसाद, मनीष कुमार कौशिक, प्रवीण कुमार, श्री चंदन वत्स, रविंद्र मनोहर, विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आयोजन को अंतिम रूप दिया गया।
यह आयोजन कला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय एवं राज्यस्तरीय कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला प्रशासन ने इसे जिले की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने वाला आयोजन बताया है।




