मुंगेर- संग्रामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हाईवा से 4617 लीटर शराब बरामद, एक गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

गिट्टी के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी 45 लाख की शराब, 45 किमी पीछा कर चालक गिरफ्तार

मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक हाथ लगी है। मध्य निषेध विभाग, बिहार, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक हाईवा ट्रक से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 4617 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात मध्य निषेध विभाग, पटना से सूचना मिली थी कि संग्रामपुर–गंगटा रोड के रास्ते एक बाहरी राज्य से आया हाईवा वाहन गुजरने वाला है, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छुपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व संग्रामपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार झा कर रहे थे।

पुलिस टीम ने चिन्हित हाईवा वाहन का लगभग 45 किलोमीटर तक पीछा किया। आखिरकार वाहन को शामपुर थाना क्षेत्र के वृंदावन (बहिरा गालिमपुर) के समीप खदेड़ कर रोका गया। मौके पर वाहन चालक से पूछताछ के बाद ट्रक को संग्रामपुर थाना लाया गया।

थाना परिसर में मजिस्ट्रेटी प्रक्रिया एवं वीडियोग्राफी की मौजूदगी में जब हाईवा की विधिवत तलाशी ली गई तो ऊपर से वाहन पूरी तरह गिट्टी से लदा हुआ पाया गया। जब गिट्टी हटाई गई, तो उसके नीचे तिरपाल से छुपाकर रखी गई 513 कार्टून मैकडॉवेल नंबर वन अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 750 एमएल की 341 कार्टून तथा 375 एमएल की 172 कार्टून शामिल हैं। कुल 9220 बोतलें जब्त की गईं।

गिरफ्तार चालक की पहचान शिवा कुमार कर्मकार के रूप में हुई है, जो गिरिडीह/धनबाद का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह कोडरमा से ट्रक लेकर निकला था और उसे समस्तीपुर तक शराब पहुंचाने के लिए 5 हजार रुपये दिए गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किस गिरोह की है और इसकी डिलीवरी किन लोगों तक होनी थी।

मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वाहन में लगे जीपीएस सिस्टम, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी से जुड़े सभी बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पहचान की जाएगी। चाहे तस्कर हों या सरगना, सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि गिट्टी का इस्तेमाल शराब को छुपाने के लिए किया गया था, जिससे पहली नजर में वाहन पर किसी को संदेह न हो। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि हाईवा वाहन किसके नाम पर रजिस्टर्ड है, गिट्टी कहां से और किसने लोड कराई थी तथा शराब की अंतिम डिलीवरी कहां होनी थी।

वहीं तारापुर एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह भी संग्रामपुर थाना पहुंचकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है और तस्करी से जुड़े नेटवर्क में खलबली देखी जा रही है।

बाइट- सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर

Join us on: