मधुबनी- थाना में लंबित कांडों की समीक्षा कर एसपी ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

आर. एस. थाना में लंबित कांडों की समीक्षा, पुलिस अधीक्षक ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

मधुबनी जिले के पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार के द्वारा आर. एस. थाना झंझारपुर का निरीक्षण किया है। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत भ्रमण करते हुए वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लंबित कांडों की समीक्षा की है। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र के नागरिकों से भी संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लंबित मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले की विवेचना समयबद्ध रूप से पूरी की जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध साक्ष्य के आधार पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी लंबित मामले में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, और इसकी नियमित मॉनिटरिंग स्वयं करें। जनता संवाद कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय नागरिकों ने थाना क्षेत्र में विधि- व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, और पुलिस सेवा से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने मौके पर ही पदाधिकारियों को कई मामलों में आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने थाने के रजिस्टर, मालखाना, अभिलेखों तथा थाना परिसर की साफ-सफाई की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मियों को अनुशासन, ड्यूटी का समय और पालन और जनसंपर्क पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस एवं जनता के बीच सामंजस्य और भरोसे का संबंध जितना मजबूत होगा, कानून- व्यवस्था उतनी सुदृढ़ होगी। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ब्लॉक और पंचायत स्तर पर नियमित जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आम लोगों की छोटी-छोटी शिकायतें भी प्राथमिकता से सुलझाई जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित कांडों की समीक्षा प्रतिदिन की जाए तथा जिले के वरीय पदाधिकारियों को उसकी प्रगति रिपोर्ट भेजी जाए। निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि पुलिस कर्मियों की कार्यशैली में पारदर्शिता, ईमानदारी और संवेदनशीलता झलकनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर. एस. थाना झंझारपुर जल्द ही लंबित मामलों के निष्पादन में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करेगा।

Join us on: