रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर नगर क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार, अंचलाधिकारी अखिलेश चौधरी, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड और कार्यान्वयन एजेंसी के अधिकारियों ने शहीद चौक रेलवे गुमती के पास निर्माण स्थल का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आरओबी निर्माण के लिए प्रस्तावित मार्ग का बारीकी से अवलोकन किया है और आवश्यक सीमांकन एवं मापी कार्य को पूरा कराया है। तो वहीं, एसडीओ दीपक कुमार ने बताया कि बस्ती पंचायत के छपकी चौक (एनएच-527बी) से गायत्री मंदिर होते हुए शहीद चौक तक और आगे अंबे होटल तक सड़क ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति के पूर्व की तैयारियों और संभावित अवरोधों पर समीक्षा बैठक भी की। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण स्थल के समीप निबंधन कार्यालय और गायत्री मंदिर के पास कुछ अस्थायी रूप से बने मकान और दुकानों की पहचान की गई है। ऐसे सभी निर्माणों को जल्द हटाने के लिए लोगों से अपील की गई है, ताकि आरओबी कार्य में किसी प्रकार की बाधा ना उत्पन्न हो सके। अनुमंडल प्रशासन की ओर से कहा गया कि प्रभावित लोगों को वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी और निर्माण के दौरान जनसुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यह आरओबी परियोजना जयनगर शहर के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। शहर के मुख्य मार्गों में से एक शहीद चौक रेलवे गुमती दैनिक आवागमन के दौरान जाम और ट्रैफिक समस्या का प्रमुख कारण बन गया है। आरओबी बनने के बाद न केवल वाहनों की आवाजाही में सुगमता आएगी, बल्कि शहर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी ऐसा कहा गया है। साथ ही, रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आने-जाने के समय घंटों तक रुकने की समस्या से आम लोगों को राहत मिलेगी। बता दें कि बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के तहत् 178 करोड़ रुपए की लागत से लगभग 1100 मीटर लंबा आरओबी बनाया जाएगा। परियोजना के माध्यम अत्याधुनिक तकनीक से दो लेन का फ्लाईओवर, दोनों ओर ड्रेनेज लाइन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा रेलिंग का निर्माण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, सभी तकनीकी औपचारिकताएं और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने आरओबी निर्माण को लेकर कही तो खुशी है कहीं लोगों का आक्रोश है। वहीं व्यवसायिक क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए इसको लेकर कह है कि बेहतर यातायात सुविधा मिलेगा और शहर की सौंदर्यता भी बढ़ेगा। बताते चलें कि अब आगे आने वाले समय में इस आरओबी के बन जाने से किसे क्या- क्या लाभ मिलता है और क्या आगे होने वाला है।




