मधुबनी- अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का एसपी योगेंद्र कुमार ने किया निरीक्षण!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

केस डायरी, अपराध नियंत्रण एवं थाना क्षेत्र की गतिविधियों को लेकर ली विस्तृत जानकारी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

मधुबनी जिले के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने झंझारपुर स्थित अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने पर विशेष बल दिया। कार्यालय में रिकॉर्ड रखरखाव की स्थिति, केस डायरी, अपराध नियंत्रण उपायों एवं थाना क्षेत्र की गतिविधियों को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने अंचल पुलिस निरीक्षक से क्षेत्र के अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति, कांडों की प्रगति, वारंट निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं निरोधात्मक कार्रवाई की समीक्षा किए। उन्होंने कहा कि पुलिस का कार्य सिर्फ अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं बल्कि संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनता का विश्वास बनाए रखना भी आवश्यक है। एसपी ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे के लिए केसों की समयबद्ध समीक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने कांडों के अनुसंधान में गुणवत्ता बनाए रखने, अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तत्परता दिखाने और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांड का अपडेट समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराया जाए ताकि निगरानी की प्रक्रिया प्रभावी बन सके। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिलेखों की स्थिति की भी बारीकी से जांच की गई। रिकॉर्ड रखरखाव में शुचिता बनाए रखने व सभी दस्तावेजों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए और क्षेत्र में होने वाले छोटे या बड़े सभी घटनाओं की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी जाए। पुलिस अधीक्षक ने जनता से मिले फीडबैक का उल्लेख करते हुए कहा कि थाना और अंचल स्तर पर पुलिस की भूमिका तभी प्रभावी मानी जाएगी जब पीड़ित को समय पर न्याय मिले और आम नागरिक अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और व्यवहारिकता बनाए रखने की अपील की। निरीक्षण के दौरान अंचल पुलिस निरीक्षक झंझारपुर सहित सभी थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। मौके पर एसपी ने पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रोत्साहित किया तथा कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधमुक्त और सुरक्षित समाज की स्थापना है, जिसके लिए प्रत्येक स्तर पर कार्य में निष्पक्षता और गंभीरता अपेक्षित है।

Join us on: