रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल :- अनुमंडल पदाधिकारी सुपौल सदर इंद्रवीर कुमार के द्वारा ऐसे पात्र लाभुकों राशन प्राप्त करने हेतु अंत्योदय कार्ड उपलब्ध कराया गया जिनका विभिन्न तकनीकी कारणों से राशन कार्ड संबंधी समस्या थी। क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सरायगढ़ के द्वारा पाया गया कि ऐसे कुष्ठ पीड़ित लाभुक हैं जिनका हाथ का अंगूठा एवं आंख का आइरीस काम नहीं कर रहा है तथा आधार कार्ड की समस्याओं के कारण उन्हें राशन उपलब्ध कराया जाना एक चुनौती पूर्ण कार्य था। अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में सभी तकनीकी समस्याओं को दूर करते हुए कुष्ठ पीड़ित लाभुक को अंत्योदय का कार्ड उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि जहां भी क्षेत्र भ्रमण के क्रम में या संज्ञान में आने पर जहां भी ऐसा प्रतीत होता है कि वह राशन कार्ड प्राप्त करने के पात्र लाभुक हैं परंतु ऐसी तकनीकी समस्या है जिनके कारण ने राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है उन लोगों को विशेष रूप से चिह्नित करते हुए सभी तकनीकी समस्याओं को दूर करते हुए राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि ऐसे असहाय व वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसलिए जहां कहीं भी ऐसे लोग मिलते हैं उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक सरकारी सहायता उन्हें तुरंत उपलब्ध करा दी जानी चाहिए। अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा अपील किया गया कि इस संबंध में सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ मानवता के आधार पर प्राथमिकता से काम करने की जरूरत है। इस अवसर पर सरायगढ़ प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी चंडिकेश्वर झा तथा आपूर्ति के सभी पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।




