पटना पुलिस ने कुख्यात को मुठभेड़ में हाफ एनकाउंटर कर किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- अमित कुमार!

पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र स्थित बग्घा टोला के पास गुरुवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रंगदारी और फायरिंग के मामले में वांछित मुख्य आरोपी पुलिस को देखते ही गोली चलाते हुए भागने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी राकेश कुमार, उम्र लगभग 35–36 वर्ष, निवासी पिपरा, के पैर में गोली लग गई। उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसका एक सहयोगी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घटना की शुरुआत 30 नवंबर 2025 को हुई थी, जब जानीपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति से रंगदारी मांगी गई थी और उसके घर के पास फायरिंग की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर और नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर 10 दिसंबर को एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह जानकारी मिली कि फायरिंग और रंगदारी में शामिल मुख्य आरोपी दोबारा घटनास्थल के आसपास देखा गया है।

इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बग्घा टोला पहुंची। टीम को देखते ही आरोपी ने लगातार फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे चेतावनी दी, पहचान बताई और हवाई फायरिंग भी की, लेकिन आरोपी नहीं रुका और गोलीबारी जारी रखी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।

पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, रंगदारी मांगने में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया है। फरार सहयोगी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

बाइट: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पटना, कार्तिकेय के. शर्मा

Join us on: