विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने किया शुभारम्भ!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारम्भ

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत बुधवार को नगर भवन, मधुबनी में विज्ञान प्रदर्शनी सह जिला स्तरीय/प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, आनंद शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र से जुड़े कई पदाधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी, आनंद शर्मा ने विज्ञान प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न मॉडल एवं प्रोजेक्ट का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनके विचार, प्रयोग की विधि एवं उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्रों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार की भावना विकसित करते हैं और भविष्य के वैज्ञानिकों, अभियंताओं एवं शोधकर्ताओं को दिशा प्रदान करते हैं।

इस विज्ञान प्रदर्शनी के मुख्य विषय “विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार”, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), क्वांटम युग की आगत : संभावनाएँ और चुनौतियाँ तथा प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग रहे। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रोजेक्ट्स में समाजोपयोगी नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं स्मार्ट समाधान जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय अविष्कार अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए प्रयोगात्मक एवं खोजपरक शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की जिज्ञासा को प्रोत्साहित करें तथा उन्हें प्रश्न पूछने एवं नए समाधान खोजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के मंच बालकों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समस्या-समाधान कौशल विकसित करते हैं, जो विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि विज्ञान हमे सोचने की ताकत देता है। साथ ही विज्ञान हमे जीतने की ताकत भी देता है। हम सभी के जीवन मे विज्ञान का पल-पल आवश्यकता है।

कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। चयनित उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स को आगामी स्तरों (प्रखंड/जिला/राज्य स्तर) पर भेजे जाने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। लदनियां प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, महथा के छात्र सौरव कुमार, नैतिक कुमार के द्वारा बनाये गए प्रोजेक्ट के साथ-साथ वर्षा जल से विद्युत, ग्रामीण सब्जी फ्रिज, दिव्यांगों को सड़क पार करने के दौरान दुर्घटना से बचाने के उद्देश्य से बनाया गया अल्ट्रासोनिक सेंसर, मिनी कोल्ड स्टोरेज, सस्टेनेबल सिटी,आत्महत्या रोकने के लिए बनाया गया नवाचार रहा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम के अंत में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा विद्यार्थियों को निरंतर नवाचार एवं वैज्ञानिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा। उक्त अवसर पर एडीएम मुकेश रंजन,उप निर्देशक जनसंपर्क परिमल कुमार,सहायक निर्देशक सामाजिक सुरक्षा नितेश कुमार पाठक,डीपीओ सर्व शिक्षा,डीपीओ मध्याह्न भोजन सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: