रिपोर्ट- सुमित कुमार!
मुंगेर : विजयादशमी के पावन अवसर पर गुरुवार को भारी बारिश के बावजूद मुंगेर के पोलो मैदान में रावण वध का ऐतिहासिक आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। रिमझिम बारिश में भी श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा और बीस हजार से अधिक लोगों ने इस भव्य दृश्य का आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पीणीकर ने राम, लक्ष्मण और हनुमान की पूजा-अर्चना कर आरती से की। इसके उपरांत उन्होंने धनुष से तीर चलाकर रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतलों का वध किया। मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, भाजपा विधायक प्रणव कुमार यादव सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
इस दौरान विधायक प्रणव कुमार यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रावण वध का संदेश है कि हम अपने मन और समाज की बुराइयों को त्यागकर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलें। उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा और देशहित में आचरण की अपील की। वहीं जिलाधिकारी ने दशहरा पर्व पर सभी को शुभकामनाएं दीं और इसे अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।




