मुंगेर- बाढ़ पीड़ितों का फूटा आक्रोश, महिलाओं ने किया सड़क जाम, सहायता राशि की माँग पर अड़ी!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

जमालपुर प्रखंड के परहम पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने NH-80 पर किया सड़क जाम, बाढ़ सहायता राशि की मांग पर अड़े

मुंगेर: गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण मुंगेर जिले के कई क्षेत्र पुनः बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। परहम पंचायत के वार्ड संख्या 9, 10 ओर 11 के बाढ़ पीड़ित ग्रामीण महिलाओं ने अपने बच्चों के साथ मिलकर मुंगेर – लखीसराय एनएच-80 परहम के पास सड़क जाम कर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार से बाढ़ सहायता राशि भुगतान की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उनका वार्ड पूरी तरह से बाढ़ के पानी में डूब चुका है। घर-घर में पानी भर गया है, जिससे वे बुरी तरह से परेशान हैं। लेकिन अब तक बाढ़ सहायता राशि का कोई भुगतान उनके खाते में नहीं आया। इसके बावजूद कई बार उन्होंने मुखिया, वार्ड सदस्य और जिलाधिकारी से मिलकर मदद की गुहार लगाई, परंतु कोई समाधान नहीं निकला। वहीं, कुछ अन्य वार्डों के पीड़ितों को सहायता राशि मिल चुकी है।

बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने साफ तौर पर कहा, जब तक जिलाधिकारी या सीओ मौके पर नहीं आएंगे और समस्या का समाधान नहीं होगा, हम सड़क जाम नहीं हटाएंगे। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया है और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।

मौके पर मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी समझाइश दे रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अडिग हैं।

Join us on:

और पढ़ें