:- रवि शंकर अमित!
थाना से महज 200 मीटर दूरी पर पुरानी विवाद में देर रात्रि अंधाधुंध फायरिंग, कई घरों पर गोलियों के निशान
बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत पश्चिम टोला बख्तियारपुर वार्ड नंबर 4 में पुरानी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई। जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वहीं मौके से दो दर्जन से ज्यादा खोखे पुलिस ने बरामद किया है। जिसके बावजूद भी कई खोखा घटनास्थल पर बिखरे पड़े हैं। हालांकि किसी व्यक्ति को गोली नहीं लगी है।
पीड़ित शारदा शर्मा ने बताया कि पड़ोस की एक महिला से उसकी लगातार बातचीत हो रही थी, जिससे नाराज उसके बेटे और पुतोह ने शुक्रवार को गाली गलौज की थी। जिसके बाद विवाद बढ़ गया और रात्रि में कई लोगों को बुलवाकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। महिला ने बताया कि लगभग 20 से 25 लोग बांध रोड से घर की ओर प्रवेश कर गए और गली में घुसते ही फायरिंग कर दी। लगभग 50 राउंड से ज्यादा गोलियां फायरिंग हुई है। मौके पर कई घरों में फायरिंग के निशान है और कई घरों के दरवाजे पर राइफल के वट से धक्का दिया गया है। जिसके भी निशान मौजूद हैं। इस घटना से आसपास के सभी लोग दहशत में हैं। वहीं पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अपराधी भागने में कामयाब हो गए।
बाढ़ एसडीपीओ-2 अभिषेक सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दिन में दोनो पक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद रात्रि में एक पक्ष अपने साथियों के साथ मिलकर दूसरे पक्ष को डराने धमकाने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची जहां से एक व्यक्ति धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर उनके साथियों के ठिकानों पर छापामारी की गई। जिसमें मनोज कुमार के घर से 12 लाख 05 हजार कैश, दो संदिग्ध मोटरसाइकिल और रजिस्ट्री का कागजात बरामद किया गया है। जिसकी जांच कर जब्ती की जाएगी। अन्य शामिल सभी की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।




