रिपोर्ट- आशीष कुमार!
मुखिया का जवाब- ‘वोट देने वालों को पहले सुविधाएं’ : बीडीओ ने टाला मामला
नालंदा : जिले के बिहारशरीफ प्रखंड की महमदपुर नकटपुरा पंचायत के मननकी गांव में विकास कार्यों में स्पष्ट भेदभाव का मामला सामने आया है। एक ही गांव के दो टोलों में बुनियादी सुविधाओं का जमीन-आसमान का अंतर है। पूर्वी टोला जहां हर सुविधा से लैस है, वहीं पश्चिमी टोला आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहा है। पूर्वी टोले में पक्की नालियां, सीमेंट की गलियां और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। नालियों से पानी निकासी की भी उचित व्यवस्था है। इसके विपरीत पश्चिमी टोले में न तो नालियां ठीक से बनी हैं, न ही गलियां पक्की हैं। स्ट्रीट लाइट और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। जब इस भेदभाव के बारे में पंचायत मुखिया से पूछा गया तो उन्होंने साफ कह दिया कि जो वोट देते हैं, पहले उनके यहां काम होगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मामले को टालते हुए अगले फेज में काम होने की बात कही। उन्हें पश्चिमी टोले की स्थिति के फोटो भेजे गए, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से गांव का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई की मांग की है। यह मामला न केवल विकास में भेदभाव का है, बल्कि मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का भी है।




