रिपोर्ट- अमित कुमार
पटना से बड़ी खबर आ रही है कि भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रणव पांडे ने जदयू ज्वाइन कर लिया है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि इससे मगध क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही संजय झा ने तेजस्वी यादव के दंगों पर दिए बयान का भी जवाब दिया और कहा कि नीतीश कुमार के शासन में बिहार में कभी कर्फ्यू नहीं लगा है।
पटना में आज भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रणव पांडे ने जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम लिया। इस मौके पर राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा कि प्रणव पांडे का जदयू में शामिल होना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति उनकी आस्था को दर्शाता है। झा ने कहा, “ईशान किशन एक बड़े क्रिकेटर हैं, और उनके पिता के जदयू में आने से खासतौर पर मगध क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी।”
इसके साथ ही, संजय झा ने तेजस्वी यादव के उस बयान का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बिहार में दंगा-फसाद के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिम्मेदार होंगे। झा ने कहा, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 19 साल के शासन में एक बार भी बिहार में कर्फ्यू नहीं लगा। यह साधारण बात नहीं है, उनके रहते बिहार में दंगा-फसाद नहीं हो सकता।” उन्होंने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि 1989 के भागलपुर दंगों के दोषियों को क्यों सम्मानित किया गया और सजा दिलाने में देरी क्यों की गई।
संजय झा ने यह भी बताया कि 28 तारीख को एनडीए के बड़े नेताओं की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सीएम आवास पर एक अहम बैठक होनी है, जिसमें 2025 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, बिहार विधानसभा की चार सीटों पर होने वाले उपचुनावों को लेकर भी संजय झा ने कहा कि “सारी सीटें हम जीत रहे हैं, और लोकसभा का जो मोमेंटम है, वह बरकरार रहेगा।”
बाईट:– संजय झा, राज्यसभा सांसद




