अनिल शर्मा की रिपोर्ट:

नवादा। मोहर्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की गई है। किसी प्रकार की अशांति ना फैले और कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए सदर एसडीओ उमेश कुमार भारती तथा सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद पुलिस जवानों के साथ नवादा में गश्त लगा रहे हैं। एसडीओ ने कहा कि लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मोहर्रम मना रहे हैं। ताजिया जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। शांति समिति की बैठक में शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की गई थी जिसका आज सीधा असर भी देखने को मिल रहा है। वहीं सदर एसडीपीओ ने कहा कि किसी प्रकार का प्रोसेशन नहीं निकालना है। लोग कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए अपने-अपने घर में ही रहकर त्योहार मना रहे हैं। असामाजिक तत्व पर पैनी नजर रखी जा रही है। त्योहार में खलल डालने वाले को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




