रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सीमा पर अपराध व अवैध गतिविधियों की रोकथाम के साथ सूचना तंत्र मजबूत करने पर जोर
सुपौल :- भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर मुख्यालय में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रक मुख्यालय, पूर्णिया के उप महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने की।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न सुरक्षा एवं संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान सीमा सुरक्षा को मजबूत करने, अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, सूचना एवं खुफिया तंत्र को और बेहतर बनाने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय एवं इंटेलिजेंस शेयरिंग को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित सूचना आदान-प्रदान जरूरी है। अधिकारियों ने अपने-अपने स्तर से सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक में पुलिस एवं जिला प्रशासन की ओर से उपमहानिरीक्षक (एटीएस), पटना सुशांत कुमार सरोज तथा सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार ने भी सहभागिता की। दोनों अधिकारियों ने बेहतर सीमा सुरक्षा एवं प्रभावी सीमा प्रबंधन को लेकर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
समन्वय बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए विभिन्न सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक एवं अवैध गतिविधि की सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।



