रिपोर्ट- पंकज कुमार!
आरा. डीडीयू रेल मार्ग पर गरीब रथ एक्सप्रेस में एक यात्री से मारपीट करने के मामले में राजेंद्र नगर निवासी टीटीइ पंकज पर आरा जीआरपी में कांड संख्या 113 / 24 दर्ज कर लिया गया है. जीआरपी इंसपेक्टर रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि यात्री नारायण उपाध्याय द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो की जांच करने के बाद टीटीइ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. उन्होंने बताया कि आरा के पीरो निवासी नारायण उपाध्याय डीडीयू से आरा गरीब रथ एक्सप्रेस से आ रहे थे. सफर के दौरान टिकट जांच के दौरान टीटीइ ने 16 सौ रुपये का फाइन काटकर टिकट भी बनाया है. इसके बाद यात्री के साथ बदतमीजी व मारपीट की है. उनकी माने तो जब गरीब रथ बिहियां पहुंची उसी दौरान ट्रेन में टीटीइ ने यात्री के साथ मारपीट की है. यात्री ने आरोप लगाया है कि उससे पांच हजार रुपए की मांग की गई। 67 साल के बुजुर्ग के साथ मारपीट करना अमानवीय है।गौरतलब है कि यह वही टीटीइ हैं जिनके उपर 28 फरवरी 2015 में भी आरा जीआरपी में ही एक यात्री से मारपीट करने के मामले में 341, 323, 384 और 504 धारा के तहत मारपीट करने व रंगदारी मांगने के मामले में प्राथमिकी दर्ज है. उनके उपर पहले से ही आरोप पत्र चल रहा है. वही सोनपुर मंडल में भी वह चार्ट सीटेट हैं. एक साल पूर्व भी टीटीइ पंकज ने बक्सर बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष से भी ट्रेन में बतमीजी की थी. जानकारों का कहना है कि दानापुर से डीडीयू तक विभिन्न ट्रेनों में टिकट चेक करने वाले टीटीइ पैसा लेकर टिकट भी नहीं बनाते हैं. टिकट बनाने के नाम पर मारपीट करने के लिए उतारू हो जाते हैं. कारण वह टिकट बनाएंगे तो राशि रेलवे के खाते में जाएंगी. इसलिए इन दिनों ट्रेनों में यात्रियों से टीटीइ द्वारा अवैध वसूली किए जाने का मामला आए दिन सामने आता है.




