रिपोर्ट- अमित कुमार!
- जन सुराज पार्टी का ऐलान 2 अक्टूबर को, प्रशांत किशोर बोले – पदयात्रा जारी रखेंगे
- प्रशांत किशोर ने बीजेपी और नीतीश कुमार पर साधा निशाना, कहा – शराबबंदी और स्मार्ट मीटर बनेगी राजनीतिक आखिरी कील
- राजद की कमजोरी पर प्रकट की चिंता, प्रशांत किशोर बोले – आरजेडी 2005 के बाद से खो चुकी है ताकत
: पटना में 29 सितंबर 2024 को जन सुराज अभियान के प्रमुख प्रशांत किशोर ने प्रेस वार्ता में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को जन सुराज अभियान एक राजनीतिक दल में तब्दील हो जाएगा, और इसकी स्थापना समारोह पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में दोपहर 2 बजे आयोजित होगा। इस मौके पर पार्टी का अध्यक्ष, नेतृत्व परिषद, और संविधान का ऐलान किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि वे दल के नेता नहीं होंगे, बल्कि पहले की तरह बिहार की पदयात्राएं जारी रखेंगे। अगले साल फरवरी-मार्च में गांधी मैदान से बिहार के विकास का ब्लूप्रिंट भी जारी किया जाएगा।
प्रशांत किशोर ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को गांव में कोई नहीं जानता, और इसीलिए बीजेपी की स्थिति कमजोर है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शराबबंदी और स्मार्ट मीटर नीति को भी आलोचना का निशाना बनाया, यह कहते हुए कि ये उनके राजनीतिक जीवन की “आखिरी कील” साबित होंगे। इसके अलावा, आरजेडी की कमजोरी को लेकर भी उन्होंने चिंता प्रकट की, यह कहते हुए कि पार्टी 2005 के बाद से कमजोर हो चुकी है।