:- रवि शंकर अमित!
‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ से देश के संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा : डॉ. दिलीप जायसवाल
भाजपा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के लिए प्रतिबद्ध, जनता को अतिरिक्त बोझ से मिलेगा छुटकारा : डॉ. दिलीप जायसवाल
पटना, 19 सितंबर । बिहार भाजपा के अध्यक्ष सह राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने “एक राष्ट्र, एक चुनाव” के सिद्धांत का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक संगठित, पारदर्शी और कारगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि ‘ एक राष्ट्र, एक चुनाव ‘ से देश के संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। बार-बार चुनाव कराने से जो समय, पैसा और ऊर्जा खर्च होती है, उसे बचाकर विकास के कार्यों में लगाया जा सकता है।
यही नहीं इससे प्रशासनिक दक्षता भी बढ़ेगी और राजनीतिक स्थिरता का माहौल भी बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि यह नीति न केवल सरकार और प्रशासन के कामकाज को बेहतर बनाएगी बल्कि जनता के हित में भी होगी। बार-बार चुनावों की प्रक्रिया से छुटकारा मिलने पर जनता पर होने वाला अतिरिक्त बोझ भी समाप्त होगा।
साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ देश को एकजुट रखने की दिशा में भी एक ठोस प्रयास है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार भाजपा इस मुद्दे पर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और केंद्र सरकार को इस पहल का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने जनता से इस महत्वपूर्ण बदलाव के प्रति जागरूक होने और देश की प्रगति के लिए इसे स्वीकार करने का आह्वान किया।




