नेहा कुमारी की रिपोर्ट
बेगुसराय में निर्दोष युवक की गिरफ्तारी पर भड़के ग्रामीण
बेगूसराय बखरी में निर्दोष युवकों को नशेरी बताकर गिरफ्तार किए जाने के विरोध में बीती रात बगरस चौक पर जमकर पुलिस और पब्लिक के बीच हंगामा हुआ। लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने उत्पाद विभाग की गाड़ी को घेर लिया तथा निर्दोष युवकों को छोड़ने की मांग को लेकर सड़क पर धरना पर बैठे गए। नतीजा बखरी-खगड़िया पथ पर परिचालन लगभग आधे घंटे तक अवरुद्ध रहा। दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना था कि उत्पाद विभाग पुलिस निर्दोष लोगों को परेशान करती है जबकि शराब तस्करों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है। इसी बीच परिहार थाना की पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मौके पर उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ता डॉ सुरेश तथा भोला महतो को हिरासत में ले लिया तथा उन्हें बखरी थाना ले गई। बाद में बखरी एसडीपीओ चंदन कुमार तथा इंस्पेक्टर विकास कुमार राय ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले को शांत कराया तथा सभी निर्दोष लोगों को छोड़ा । मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बगरस में मजदूर वर्ग के श्याम कुमार तथा रामविनय नामक दो युवकों को शराबी पीने की बात कहकर गिरफ्तार कर लिया और जीप में बैठा लिया। इसी बात को लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। लोगों का कहना था कि दोनों युवकों ने अगर शराब पी रखी है तो पहले उनकी जांच हो फिर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। लोगों ने आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग की पुलीस मिलीभगत से क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर शराब की बिक्री की जाती है। पैसे लेकर शराब तस्करों को छोड़ दिया जाता है जबकि निर्दोष लोगों को बेवजह प्रताड़ित किया जाता है।




