रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
आम आदमी पार्टी के नेताओं से शराब मामला चोली दामन की तरह लिपटती ही जा रही है। अब इसके जद में आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता कहे जाने वाले ललित राज यादव की गिरफ्तारी हुई है। ललित की गिरफ्तारी बिहार के पूर्णिया जिले के डगरुआ थाना पुलिस ने गत दो अप्रैल को वाहन जांच के दौरान किया। आप नेता जिस कार में थे, उस कार से पुलिस ने भारी मात्रा में यानी कि करीब 77 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।
पूर्णिया पुलिस की ओर से जो जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार आप नेता ललित राज सुजुकी कार पर सवार होकर दालकोला की ओर आ रहे थे। जहां पुलिस ने ख़िरदर पुल पर उनकी कार को रोका तो कार के जांच के दौरान विदेशी शराब की खेप बरामद हुई। शराब की बरामदगी होते ही डगरुआ थाना की पुलिस ने मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र के परकौली गांव का रहनेवाला आप नेता ललित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उधर, ललित के गिरफ्तारी के दिन ही उनके फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट होता है। जिसमें वो बता रहे है कि, वो अब कुछ दिनों के लिए नेपाल जा रहे है। जबकि, सूत्रों की माने तो पोस्ट के समय तक उनकी गिरफ्तारी हो चुकी थी। सूत्रों ने बताया कि, ललित के संदिग्ध गतिविधि को लेकर कई नेता भी अवगत थे, लेकिन, उन्हें कोई साक्ष्य नहीं मिल रहा था। पार्टी से जुड़े एक नेता ने नाम नहीं बताने के शर्त पर बताया कि, उनके इस कृत्य से पार्टी को काफी नुकसान होगा।
फिलहाल, ललित के गिरफ्तारी के बाद पूर्णिया पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति मधुबनी में खूब धड़ल्ले से शेयर की जा रही है। फोटो में शराब मामले में गिरफ्तारी आप नेता ललित राज रंगीन शॉर्ट में दिख रहे हैं।




