रिपोर्ट- धीरज शर्मा

भागलपुर। गंगा नदी के कटाव के रोकथाम और कटाव पीड़ितों के पुनर्वास की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सबौर अंचल परिषद द्वारा सबौर अंचल सह प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के लिए जुलूस बाबूपुर मोड़ से निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व पूर्व अंचल सचिव कामरेड राजकिशोर मंडल में किया। जुलूस सबौर हाट और एन एच होते हुए अंचल सह प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और पार्टी के नेता एवम कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला सचिव डॉ सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गंगा नदी के कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशील नहीं है,जिस कारण सबौर सहित संपूर्ण भागलपुर जिले में कटाव पीड़ितों की समस्याएं गंभीर हो गई है। कटाव से विस्थापित लोगों का अब तक पुनर्वास नहीं हो पाया है ।पूर्व में भी रजनदीपुर दियारा का कटाव हो चुका,लेकिन आज तक कटाव पीड़ितों का पुनर्वास सरकार नहीं करा पा रही है।कटाव पीड़ित लोग जहां तहां घर बना कर नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर है ।इस अवसर पर ए आई वाई एफ के राज्य अध्यक्ष संजीत सुमन ने कहा कि राज्य सरकार कटाव पीड़ितों की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। गंगा के कटाव से सबौर प्रखंड में किसानों की जमीन कट गई और फसल भी बर्बाद हुआ। सरकार आज तक किसानों को उसके फसल का मुआवजा नहीं दे पाई है।
प्रदर्शनकारियों की तरफ से एक शिष्टमंडल प्रखंड एवं अंचल अधिकारी सबौर को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा जिसमें मांग की गई कि गंगा नदी से कटाव पर अविलंब रोक लगाने के लिए ठोस उपाय किया जाए,कटाव से हुए फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए, कटाव पीड़ितों का पुनर्वास कराया जाए, बाबूपुर से शंकरपुर तक गंगा नदी के किनारे रिंग बांध बनाया जाए, लैलख मे रेलवे पर सड़क ओवरब्रिज बनाया जाए, कोरोना महामारी के
दरम्यान मरे लोगों के परिजनों को चार लाख रु मुआवजा दिया जाए, सभी परिवारों को राशन कार्ड मुहैया कराया जाए, आदि । शिष्टमंडल में राजकिशोर मंडल, उमेश मंडल, सहेंद्र मंडल, भुवनेश्वर मंडल,संजीत सुमन शामिल थे। इस अवसर पर सुशील मंडल, परमानंद मंडल, घोँघो मंडल ,दिनेश मंडल,गोरी मंडल, शंकर मंडल, महेश्वर मंडल, चूलहाई मंडल, गीता देवी के अलावे सैकड़ों लोग उपस्थित थे ।




