रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल स्थित अरेर थाना के ढंगा पुरवारी टोले में बीते मंगलवार की देर रात मारपीट रोकने गये अरेर थानाध्यक्ष व उनके साथ गये पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी करने व बंधक बनाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को मधुबनी पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने स्वयं जांच की। इस दौरान एसपी ने बताया कि मैट्रिक के एक विद्यार्थी के द्वारा मोबाइल पर आपात कॉल करके उनके साथ पड़ोसियों द्वारा मारपीट किये जाने की सूचना मिलने पर अरेर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची थी। जहां मारपीट से रोकने पर मौजूद आरोपितों ने थानाध्यक्ष व उनके साथ गये पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी की और बंधक बनाकर भी रखे थे। इसी मामले की जांच करने वे अरेर थाना पहुंचे थे। जहां पकड़े गये आरोपित से पूछताछ की गई। पूछताछ में यह बात सामने आया है कि उक्त घटना में मारपीट करनेवाले पक्ष में कोचिंग संस्थान के संचालक भी हैं और वे अपने परिवार की महिलाओं और पुरुषों के अलावे आस पास के अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की घटना को अंजाम दे रहे थे। जिसे रोकने पर आरोपित पक्ष के लोगों ने थानाध्यक्ष और पुलिस कर्मियों को कमरे में बंद कर दिया था। जैसे ही आस-पास की पुलिस को इस बात की सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर थानाध्यक्ष व पुलिस कर्मियों को बाहर निकाला। उसी रात कुछ आरोपितों को चिन्हित कर अरेर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। जिस में से 4 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आगे उन्होंने बताया कि वे घटना स्थल पर भी पहुंचकर जांच की है, जिसमें यह बात सामने आयी है कि कोचिंग संस्था जो आरोपित पक्ष के द्वारा चलाया जा रहा है वो भी सरकारी जमीन पर उनके द्वारा चलाया जा रहा है। एसडीपीओ को निर्देशित किया गया है कि वे उसकी जांच अंचल अधिकारी से करा लें। उनपर अतिक्रमणवाद चलवाकर नोटिस भेजवाया जायेगा और उसे तोड़ कर हटाया जायेगा। एसपी ने कहा कि एसडीपीओ को यह भी निर्देश दिया गया है कि इस कांड के फरार आरोपितों की जांच कर लें। जो भी इस कांड में संलिप्त है उन सभी आरोपितों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के माध्यम से भी लगातार छापेमारी की जा रही है। उक्त कांड में संलिप्त सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जायेगा ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। बता दें कि इस घटना में बुधवार को तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिनमें दो लड़की और एक महिला शामिल थी उन्हें न्यायालय द्वारा जमानत मिलने के कारण घर चले जाने की बात कही जा रही है। वहीं गबुधवार की रात पकड़े गये आरोपित गुलाब ठाकुर को न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही थी। मौके पर एसडीपीओ नेहा कुमारी व अरेर एसएचओ नेहा निधि सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।




