कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दूबे):
कैमूर। बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद सरकार के पक्ष में फ्लोर टेस्ट से बहुमत प्राप्त करने के पश्चात एनडीए को बहुमत हासिल करने पर भाजपा जिला कार्यालय कैमूर में भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज जयसवाल के नेतृत्व में जश्न मनाया गया। जिसमें लोग एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर जश्न में सराबोर दिखे। कैमूर में जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने एनडीए सरकार को बधाई देते हुए कहा कि बहुमत हासिल करने के बाद बिहार में बनी एनडीए सरकार राज्य के विकास और यहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। बिहार विधानसभा में एनडीए गठबंधन ने फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित कर दिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधानसभा में अपनी सरकार के लिए विश्वास मत पेश किया। इसमें एनडीए के पक्ष में 129 वोट पड़े। वहीं विपक्षी पार्टियों ने वॉकआउट कर दिया और एक भी वोट विपक्ष में नहीं पड़े। बहुमत का आंकड़ा 122 था। जिलाध्यक्ष मनोज जयसवाल ने आगे कहा कि विश्वास है कि यह टीम पूरे समर्पण भाव से राज्य के लोगों की सेवा करेगी। आनेवाले चुनाव में एनडीए बिहार में क्लीन स्वीप करेगी। साथ ही उन्होंने दावा कि विधानसभा चुनाव में भी एनडीए की जीत होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में जब भी एनडीए की सरकार आई है, तब-तब हर क्षेत्र में बिहार के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि हमलोंगों ने देखा है कि महागठबंधन की सरकार में कानून व्यवस्था किस स्तर तक खराब हो गई थी। जब एनडीए की सरकार बनती है, तो स्थिरता आती है, जो कानून व्यवस्था बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाता है। वहीं जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश चौबे ने कहा कि बिहार में जो जंगल राज था अब वह समाप्त हो जायेगा। बिहार में पुनः एक बार अमन और चैन स्थापित होगा। केंद्र में मोदी सरकार तो बिहार में एनडीए सरकार के नेतृत्व में कहें तो डबल इंजन की सरकार बिहार को और ऊंचाइयों तक ले जायेगी। निश्चित तौर इस डबलइंजन की सरकार में बिहार में विकास की धारा बहेगी। बहुमत साबित होने के पश्चात बिहार में एनडीए सरकार स्थापित होने से भाजपा के कार्यकर्ताओं में एक नए जोश का संचार हो गया या यू कहें कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में दोहरी खुशी देखने को मिली। इस मौके पर जिला प्रभारी सुरेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश चौबे, ओमप्रकाश गुप्ता, रघुबंश राम, अनिल दुबे, महेश खरवार, रामश्रय राम, सत्यव्रत पंकज पांडेय, सर्वेश्वरी विश्वकर्मा, कृष्णा जयसवाल, रामप्यारे ठाकुर, पप्पू सिंह, मार्कण्डेय जयसवाल, मुकेश यादव, अमित टिवंकल, मोनू पाण्डेय,पंकज चौबे सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।




